सूरत: गर्मी और उमस से बेहाल लोगों के लिए मानसून की पहली बारिश राहत लेकर आती है, लेकिन जब यही राहत आफत बन जाए तो नजारा कुछ और ही होता है। गुजरात के सूरत में कुछ ऐसा ही हुआ। शहर में हुई जोरदार बारिश ने लोगों को सुकून तो दिया, लेकिन साथ ही नगर निगम के दावों की पोल भी खोल दी। हालात ये हो गए कि सड़कें तो डूबी ही, लेकिन पानी अब लोगों के बिजनेस और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक जा पहुंचा है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आप भी सोचेंगे कि ये कोई शॉपिंग मॉल है या कोई तैरता हुआ तालाब? वीडियो में दिख रहा है कि एक बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। घुटनों से ऊपर तक गंदा पानी भरा है और उसमें कचरा तैर रहा है।
दुकानों के शटर गिरे हुए हैं क्योंकि पानी अंदर तक घुस चुका है। ऊपर की मंजिलों पर खड़े लोग बस हैरानी से नीचे का नजारा देख रहे हैं।
सोचिए, जिन दुकानों में लोग शॉपिंग करने आते थे, वहां अब मछलियां तैरने की नौबत आ गई है।
आखिर इतना पानी कैसे भर गया?
बता दें कि सूरत में 7 जुलाई से मौसम का मिजाज एकदम बदल गया। करीब 36 घंटों तक लगातार मूसलाधार बारिश हुई, जिसने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।
उधना और वराछा जैसे इलाकों में तो हालात और भी खराब रहे। सड़कें पूरी तरह डूब गईं और गाड़ियां पानी में फंसी नजर आईं।
मोटा-मोटी कहें तो ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल नजर आया। जब पानी निकलने का रास्ता नहीं मिला, तो वह दुकानों और कॉम्प्लेक्स के अंदर घुस गया।
इस भारी बारिश ने प्रशासन की तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
आगे क्या होने वाला है?
टेंशन अभी खत्म नहीं हुई है क्योंकि मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में भी गुजरात के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
दक्षिण गुजरात के जिलों में तो रेड और ऑरेंज अलर्ट जैसी स्थिति बनी हुई है।
सूरत के अलावा तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, भरूच, नर्मदा और अमरेली जैसे जिलों में भी तेज बारिश की संभावना है। इतना ही नहीं, कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे खतरा और बढ़ सकता है।
सावधानी के तौर पर प्रशासन ने सूरत के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है ताकि बच्चे सुरक्षित रहें। प्रशासन अब अलर्ट मोड पर है और लोगों से अपील की गई है कि वे बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें।



































