टेक डेस्क: जब भी मोबाइल रिचार्ज की बात आती है, तो हममें से ज्यादातर लोगों के दिमाग में एक बात बैठी होती है – प्रीपेड प्लान हमेशा सस्ते होते हैं, सेफ होते हैं और बेस्ट होते हैं! लेकिन, क्या ये वाकई सच है? हो सकता है ये बात हमेशा सही न हो, या शायद आपके लिए तो बिल्कुल न हो। हम जो आंकड़े आपको बताने वाले हैं, वो आपको शायद थोड़ा चौंका सकते हैं।
देश में मोबाइल इस्तेमाल करने वाले करीब 90 फीसदी लोग प्रीपेड कस्टमर हैं। वहीं पोस्टपेड कस्टमर्स की संख्या सिर्फ 10 फीसदी है।
ये या तो माइनॉरिटी हैं या फिर इन्हें प्रीमियम ग्राहक कह लीजिए। लेकिन, एक और फैक्ट है जो आपकी सोच बदल देगा।
अगर हम टेलीकॉम कंपनियों के लिए प्रति यूजर कमाई (एवरेज रेवेन्यू पर यूजर) देखें, तो प्रीपेड कहीं ज्यादा महंगा पड़ता है। जी हां, प्रीपेड पर ये आंकड़ा करीब ₹196 है, जबकि पोस्टपेड पर ये ₹194 के आसपास है।
अब आप सोच रहे होंगे, ऐसा कैसे हो सकता है?
इसकी दो वजहें हो सकती हैं। या तो प्रीपेड प्लान सचमुच महंगे हैं, या फिर आप गलत प्रीपेड प्लान चुन रहे हैं।
प्रीपेड के बारे में तो हमने पहले भी खूब बात की है, लेकिन आज हम बात करेंगे पोस्टपेड की। क्या पोस्टपेड वाकई बेहतर है? क्या यहां कोई स्कैम नहीं होता? या प्रीपेड ही एकदम साफ-सुथरा है?
तो क्या प्रीपेड वाकई सस्ता है?
देखिए, प्रीपेड में एक बड़ा खेल ये होता है कि जो रिचार्ज आपको ‘वन मंथ’ का कहकर बेचा जाता है, वो अक्सर 28 दिन का होता है। इसका मतलब है कि साल भर में आप 12 नहीं, बल्कि 13 रिचार्ज कराते हैं।
तो एक तरह से आपका सालाना खर्च बढ़ जाता है। वहीं, पोस्टपेड में भी कुछ 'हिडन चार्जेस' होते हैं।
जैसे, ये आपको जो प्लान दिखाते हैं, उसमें जीएसटी शामिल नहीं होता। जीएसटी आपको अलग से देना पड़ता है।
तो आज इन्हीं सब बातों को क्लियर करने की बारी है। हम प्रीपेड और पोस्टपेड का फुल कंपैरिजन करेंगे, ताकि आप समझ सकें कि आपके लिए कौन सा बेहतर है।
हो सकता है आप अभी महंगा प्रीपेड रिचार्ज करा रहे हों और पोस्टपेड आपके लिए ज्यादा फायदेमंद साबित हो।
चलिए, सबसे पहले पोस्टपेड प्लान्स को समझते हैं, क्योंकि ये थोड़े कॉम्प्लेक्स होते हैं। हम आपको जियो (Jio), एयरटेल (Airtel) और वीआई (Vi) के प्लान्स का पूरा सीन समझाते हैं।
जियो पोस्टपेड में क्या मिलता है?
जियो के पोस्टपेड में कुल पांच प्लान आते हैं, जिन्हें दो कैटेगरी में बांटा गया है। तीन प्लान इंडिविजुअल यानी अकेले इस्तेमाल करने वालों के लिए हैं, और दो प्लान फैमिली के लिए हैं।
यहां जियो ने क्या खेल किया है, वो समझिए।
इंडिविजुअल प्लान: अगर आप सबसे बेसिक इंडिविजुअल प्लान (₹349) लेते हैं, तो आपको सिर्फ 30GB डेटा मिलता है। थोड़ा शॉकिंग लगेगा, क्योंकि जियो अक्सर अनलिमिटेड डेटा देता है। ओटीटी के नाम पर इसमें सिर्फ जियोस्टार मिलता है, कोई और खास ऐप नहीं। जैसे-जैसे आप महंगे प्लान की तरफ बढ़ते हैं, आपको अनलिमिटेड 4G/5G डेटा और प्रीमियम ओटीटी सब्सक्रिप्शन मिलते जाते हैं। डेटा रोलओवर का फीचर भी आपको इसमें मिल जाता है, जिससे बचा हुआ डेटा अगले महीने कैरी फॉरवर्ड हो जाता है।
फैमिली प्लान: जियो का बेसिक फैमिली प्लान ₹449 का आता है, जिसमें 75GB डेटा मिलता है। इसमें आप प्रति व्यक्ति ₹150 देकर एक्स्ट्रा मेंबर जोड़ सकते हैं (अधिकतम चार लोग)। यहां भी बेसिक प्लान में ओटीटी बहुत लिमिटेड है, सिर्फ जियोस्टार। लेकिन अगर आप ₹749 वाला प्रीमियम फैमिली प्लान लेते हैं, तो आपको नेटफ्लिक्स (Netflix) बेसिक, प्राइम वीडियो (Prime Video) दो साल के लिए और हॉटस्टार (Hotstar) जैसे ओटीटी मिलते हैं।
तो जनाब, मेन बात ये है कि सस्ता प्लान लेंगे तो डेटा कम मिलेगा। अगर डेटा बढ़ाना है और प्रीमियम ओटीटी चाहिए, तो जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी।
एक्स्ट्रा मेंबर जोड़ने पर ₹150 प्लस जीएसटी का एडिशनल चार्ज लगता है।
एयरटेल का क्या है हिसाब?
एयरटेल में भी जियो की तरह दो तरह के ऑप्शन मिलते हैं – इंडिविजुअल और फैमिली।
इंडिविजुअल प्लान: एयरटेल सिंगल इंडिविजुअल प्लान ऑफर करती है, जिस पर जीएसटी अलग से लगता है। इसमें आपको कोई ओटीटी नहीं मिलता, लेकिन 6 महीने के लिए गूगल वन (Google One) का 100GB स्टोरेज मिलता है। एयरटेल की खासियत ये है कि आप कोई भी पोस्टपेड कनेक्शन लें, तो आपको उनकी प्रायोरिटी 5G या एयरटेल क्लीन 5G मिलती है।
फैमिली प्लान: एयरटेल में आप 2, 3, 4 या 5 मेंबर वाले फैमिली प्लान चुन सकते हैं। जैसे-जैसे आप महंगे प्लान पर जाएंगे, आपको प्रीमियम ओटीटी मिलेंगे। जैसे, ये एप्पल म्यूजिक (Apple Music) भी देते हैं, लेकिन उसके लिए आपको ₹999 का प्लान लेना पड़ेगा। जियो में एप्पल वाला कोई प्लान नहीं था, तो अगर आप आईफोन (iPhone) यूजर हैं, तो ये आपके लिए बेहतर हो सकता है। इनका सबसे महंगा प्लान ₹1749 का है, जिसमें नेटफ्लिक्स स्टैंडर्ड (Netflix Standard) और बाकी बंडल्ड ओटीटी मिलते हैं।
एक अहम बात ये है कि एयरटेल के सभी पोस्टपेड प्लान में अनलिमिटेड 4G/5G डेटा मिलता है। हमने उनसे पूछा कि क्या 300GB की कोई कैपिंग है? कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव ने कहा कि पोस्टपेड में अनलिमिटेड सर्विस मिलती है, कोई लिमिट नहीं।
मतलब, आप हॉटस्पॉट (Hotspot), वाई-फाई (Wi-Fi) कनेक्ट करके दूसरे डिवाइसेज पर भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन, जब हमने इसकी टेस्टिंग की थी, तो ये करीब 300-350GB पर अटक गया था।
तो आप मानकर चलिए कि ये 300-350GB के बीच ही अनलिमिटेड चलता है, उससे ज्यादा शायद नहीं मिलता।
"सर पोस्टपेड में आपको हम ओपनली ही बोल रहे हैं कि आप इसमें हॉटस्पॉट, वाई-फाई कनेक्ट करके आप दूसरे डिवाइसेस पर यूज कर सकते हैं। इसका मतलब इसमें आपको पूरी तरह से अनलिमिटेड सर्विस मिलेगा।
कोई कोई भी लिमिट नहीं है। जो 300 GB की कैपिंग प्रीपेड में आती है वो इसमें नहीं है।
" - एयरटेल कस्टमर केयर
अगर आप नंबर ऑफ कनेक्शन (दो, तीन, चार या पांच) से ज्यादा मेंबर्स ऐड करना चाहते हैं, तो एयरटेल बहुत महंगा पड़ता है। आपको ₹349 प्लस जीएसटी अलग से देना पड़ता है।
हां, उन मेंबर्स को भी डेटा मेन प्लान से ही शेयर करना पड़ेगा। ये तभी फायदेमंद है जब आपके पास पांच से ज्यादा सदस्य हों, वरना ये थोड़ा एक्सपेंसिव पड़ सकता है।
वीआई पोस्टपेड: प्लान और पेज क्या हैं?
वीआई (Vi) भी प्रीपेड की तरह पोस्टपेड में कई प्लान ऑफर करता है। बाकी ब्रांड्स जहां एक या दो इंडिविजुअल प्लान दे रहे हैं, वहीं वीआई आपको चार इंडिविजुअल प्लान देता है।
इंडिविजुअल प्लान: वीआई का सबसे सस्ता इंडिविजुअल प्लान ₹451 का है। जीएसटी लगाने के बाद ये आपको ₹532.18 पैसे का पड़ेगा। इसमें आपको 50GB रेगुलर डेटा मिलता है और अनलिमिटेड 5G है। ओटीटी के नाम पर सिर्फ स्पॉटिफाई (Spotify) मिलता है, या आप कुछ और चुन सकते हैं। एक अच्छी बात ये है कि इसमें 200GB का रोलओवर ऑप्शन मिलता है, यानी बचा हुआ डेटा अगले महीने में जुड़ जाता है। इसके बाद के तीनों प्लान्स में आपको अनलिमिटेड 4G/5G डेटा मिलेगा, बशर्ते आपके एरिया में 4G/5G कवरेज हो। जैसे-जैसे आप महंगे प्लान की तरफ बढ़ते हैं, आपको दो ओटीटी मिलते हैं और तीसरा आपको खुद चुनना पड़ता है। इनका सबसे हाईएस्ट RDX वाला प्लान नेटफ्लिक्स बेसिक, स्पॉटिफाई और प्राइम वीडियो (Prime Video) सब कुछ ऑफर करता है।
फैमिली प्लान: वीआई में कुल पांच फैमिली प्लान मिलते हैं। इसमें 2, 4 या 5 मेंबर जोड़ने का ऑप्शन दिया गया है। आप कोई भी प्लान लें, आपको अनलिमिटेड डेटा मिलता है।
एक बहुत जरूरी बात ये है कि वीआई के प्लान (और कुछ हद तक दूसरे पोस्टपेड प्लान भी) एरिया के हिसाब से बदलते रहते हैं। जो प्लान हमने आपको बताए हैं, वो हमारे लखनऊ एरिया के पिन कोड के हिसाब से हैं। आप अपनी वेबसाइट पर जाकर अपने शहर का पिन कोड डालकर चेक करेंगे, तो हो सकता है प्लान्स में थोड़ा फर्क मिले। तो अपनी जरूरत और एरिया के हिसाब से ही प्लान चुनें, ताकि बाद में कोई टेंशन न हो।
तो आखिर में सवाल यही है कि आपके लिए कौन सा बेहतर है? यह आपकी डेटा की जरूरत, ओटीटी की पसंद और परिवार के सदस्यों की संख्या पर निर्भर करता है। अगर आप बहुत ज्यादा डेटा इस्तेमाल करते हैं, प्रीमियम ओटीटी चाहते हैं और परिवार के कई लोग एक ही बिल पर रहना चाहते हैं, तो पोस्टपेड एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
वहीं, अगर आपका इस्तेमाल कम है और आप खर्च पर पूरा कंट्रोल चाहते हैं, तो प्रीपेड भी बुरा नहीं है, बस 28 दिन वाले खेल को समझकर चलें।



































