पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले से एक ऐसी खबर आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मीरगंज थाना क्षेत्र में एक मां-बेटी को तेज रफ्तार कार ने इस बेरहमी से रौंदा कि देखने वालों की रूह कांप गई। हद तो तब हो गई जब ड्राइवर ने ब्रेक लगाने के बजाय, दोनों को करीब 200 मीटर तक घसीटता रहा। इस भयानक हादसे में एक मां की जान चली गई, जो अपने परिवार और अपने काम से जुड़े लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थीं। वहीं, उनकी बेटी जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है।
ये घटना मीरगंज इलाके के बहेलिया स्थान के पास हुई, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां एक झटके में छीन लीं। मधेपुरा की रहने वाली और पूर्णिया में ‘न्यूट्रिशन क्लब’ चलाने वाली कविता कुमारी (41) अपनी बेटी शिवानी कुमारी (18) के साथ कटिहार के फलका से लौट रही थीं।
फलका में एक कस्टमर का ‘री-चेकअप’ कराने के बाद मां-बेटी अपनी स्कूटी से घर की ओर बढ़ रही थीं। उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है।
सड़क पर फिसली स्कूटी; पीछे से मौत बन कर आई कार
हादसा उस वक्त हुआ जब मां-बेटी बहेलिया स्थान के पास से गुजर रही थीं। शिवानी ने बाद में बताया कि सड़क पर चिकनी मिट्टी बिछी हुई थी, जिसकी वजह से उनकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया।
दोनों मां-बेटी सड़क पर गिर पड़ीं। वो उठकर संभल पातीं, इससे पहले ही तेज रफ्तार से आ रही एक सफेद रंग की कार उन पर काल बनकर टूट पड़ी।
कार ने मां-बेटी को बुरी तरह रौंद दिया। लेकिन ड्राइवर की क्रूरता यहीं नहीं रुकी।
बताया जा रहा है कि कार ड्राइवर ने मौके पर ब्रेक लगाने की बजाय, दोनों मां-बेटी को अपनी गाड़ी से करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया। इस मंजर को देखकर आसपास के लोग सहम गए और चीख-पुकार मच गई।
मां ने तोड़ा दम, बेटी जिंदगी और मौत के बीच
हादसे के बाद इलाके के लोगों ने बिना देर किए, घायल मां-बेटी को ऑटो से पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने कविता कुमारी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, उनकी बेटी शिवानी कुमारी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। शिवानी को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है और डॉक्टर लगातार उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक, शिवानी की हालत नाजुक बनी हुई है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। कविता कुमारी, जो अपने मिलनसार स्वभाव और बेहतर कार्यशैली के लिए जानी जाती थीं, उनकी अचानक मौत ने उनके न्यूट्रिशन क्लब से जुड़े लोगों और परिचितों को गहरा सदमा दिया है।
सांसद ने दिया मदद का आश्वासन, पुलिस खंगाल रही CCTV
इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने अपने प्रतिनिधि आदिल आरजू को तुरंत जीएमसीएच भेजा। आदिल आरजू ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली।
सांसद पप्पू यादव की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। वहीं, मीरगंज थाना पुलिस भी हरकत में आ गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उन्हें थाने ले जाया गया है। कविता कुमारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने साफ किया है कि फरार वाहन और उसके ड्राइवर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही इस मामले में कोई ठोस जानकारी लेकर सामने आएगी और पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलेगा।




































