तकनीक डेस्क: गेमर्स के लिए एक बुरी खबर है, या यूं कहें कि चिंता बढ़ाने वाली। सोचिए, आप बड़े आराम से अपनी पसंदीदा गेम 'Assassin's Creed Black Flag Resynced' खेल रहे हों और अचानक आपके हाई-फाई ग्राफिक्स कार्ड से 'धमाके' की आवाज़ आए, धुआं निकले, और फिर सब शांत! बिलकुल यही हुआ है एक Reddit यूजर के साथ, जिसका ब्रांड न्यू Zotac GeForce RTX 5090 ग्राफिक कार्ड खेलते-खेलते ही ‘फट’ गया। ये घटना सिर्फ पांच मिनट गेमिंग के बाद हुई, और अब ये सवाल उठने लगा है कि क्या हाई-पावर GPUs वाकई सेफ हैं?
ये पहली बार नहीं है जब RTX 5090 जैसे हाई-एंड GPUs सुर्खियों में आए हों, लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग और ज्यादा डरावना है। पहले कई बार हमने सुना है कि इन कार्ड्स के 16-पिन पावर कनेक्टर पिघल जाते हैं, जिससे कार्ड काम करना बंद कर देते हैं।
लेकिन इस बार का किस्सा कुछ और ही कहता है और पीसी गेमिंग कम्युनिटी में एक नई बहस छेड़ गया है।
आरटीएम 5090 के साथ आखिर हुआ क्या था?
Wccftech की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक Reddit यूजर गेम खेल रहे थे, तभी अचानक उनके Zotac RTX 5090 कार्ड से एक तेज 'पॉप' और 'क्रैकल' की आवाज आई। इसके बाद कार्ड से धुएं का गुबार निकला।
यूजर के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत सिस्टम बंद किया और जब ग्राफिक कार्ड को देखा, तो मामला और भी चौंकाने वाला था।
अक्सर ऐसे मामलों में लोग 16-पिन पावर कनेक्टर को दोष देते हैं, क्योंकि RTX 5090 जैसे कार्ड्स बहुत ज्यादा पावर (मैक्सिमम 575W) खींचते हैं। कई बार कनेक्टर ठीक से बैठे नहीं होते या जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाते हैं, जिससे वे पिघल जाते हैं।
लेकिन इस बार का 'विलेन' कोई और था।
जांच करने पर पता चला कि कार्ड के 16-पिन पावर कनेक्टर को कोई नुकसान नहीं हुआ था। इसके बजाय, ग्राफिक कार्ड के PCB गोल्ड फिंगर पर, यानी वो हिस्सा जो मदरबोर्ड के PCIe स्लॉट में लगता है, वहां जलने का एक साफ निशान मौजूद था।
मतलब आग या शॉर्ट-सर्किट की शुरुआत कहीं और से हुई थी।
इस जलने के निशान की वजह क्या हो सकती है?
अभी तक इस मामले की जड़ तक तो नहीं पहुंचा जा सका है, लेकिन टेक एक्सपर्ट्स और Reddit कम्युनिटी में लोग कई तरह के कयास लगा रहे हैं। सबसे बड़ा अनुमान यही है कि शायद सर्किट बोर्ड में कोई छोटी सी दरार (crack) आ गई होगी।
और इसी दरार की वजह से कार्ड में शॉर्ट-सर्किट हुआ और वो जल गया।
अगर ये बात सच है, तो ये वाकई चिंताजनक है। क्योंकि अगर सिर्फ एक छोटी सी दरार इतने बड़े हादसे की वजह बन सकती है, तो फिर इन महंगे और पावरफुल ग्राफिक कार्ड्स की ड्यूरेबिलिटी और सेफ्टी पर सवाल उठना लाजिमी है।
इस पूरे मामले में एक और पहलू सामने आया है, जो हाई-पावर GPU यूजर्स के लिए खतरे की घंटी है। Reddit पर दूसरे यूजर्स ने इस घटना पर कमेंट करते हुए एक नई थ्योरी दी है।
उनका कहना है कि शायद इस कार्ड में आई दरार और शॉर्ट-सर्किट की वजह 'GPU Sag' हो सकती है।
क्या है ये 'GPU Sag' और ये क्यों खतरनाक है?
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि 'GPU Sag' एक ऐसी समस्या है जिसमें भारी-भरकम ग्राफिक कार्ड समय के साथ अपने वजन के कारण मदरबोर्ड के PCIe स्लॉट से थोड़ा झुक जाता है। आजकल के हाई-एंड GPUs इतने बड़े और भारी होते हैं कि उन्हें संभालने के लिए अक्सर 'GPU Sag ब्रैकेट्स' या सपोर्ट की जरूरत पड़ती है।
हालांकि, कई आधुनिक GPUs, खासकर थर्ड-पार्टी Nvidia पार्टनर्स द्वारा बनाए गए कार्ड्स, इतने मोटे और भारी होते हैं कि उन्हें छोटे पीसी केस में फिट करना मुश्किल होता है। ऐसे में 'GPU Sag ब्रैकेट्स' लगाने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती।
अगर Reddit यूजर्स की थ्योरी सही है, और GPU Sag की वजह से ही PCB में दरार आई और शॉर्ट-सर्किट हुआ, तो ये वाकई गंभीर बात है।
इसका मतलब है कि सिर्फ पावर कनेक्टर ही नहीं, बल्कि कार्ड के फिजिकल स्ट्रक्चर और इंस्टॉलेशन पर भी ध्यान देना होगा। अगर एक कार्ड सिर्फ अपने वजन के कारण खराब हो सकता है, तो ये उन सभी के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो ऐसे पावरफुल ग्राफिक कार्ड्स का इस्तेमाल कर रहे हैं या खरीदने की सोच रहे हैं।
वैसे, राहत की बात ये है कि RTX 5080, RTX 4080, और RTX 4080 Super जैसे कार्ड्स RTX 5090 जितनी ज्यादा पावर नहीं खींचते। इसलिए उनमें इस तरह की 'धमाकेदार' समस्या आने की संभावना कम होती है।
कुल मिलाकर, इस घटना ने एक बार फिर हाई-एंड पीसी कंपोनेंट्स की विश्वसनीयता और उनके रखरखाव पर बहस छेड़ दी है। गेमर्स को अब सिर्फ परफॉरमेंस ही नहीं, बल्कि अपने महंगे सिस्टम की सेफ्टी को लेकर भी ज्यादा अलर्ट रहना होगा।
कंपनी को भी इस पर ध्यान देना होगा कि क्या उनके डिजाइन में कोई ऐसी खामी है जो इतनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है और यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे अपने हाई-पावर GPUs का इस्तेमाल करते समय एक्स्ट्रा सावधानी बरतें।



































