दिल्ली: दिल्ली की एक लड़की की कहानी इन दिनों इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है, जिसने अपने 45,000 रुपये महीने की कॉर्पोरेट नौकरी को लात मारकर कुछ ऐसा किया कि आज वो दुनिया के सबसे महंगे मुल्कों में से एक, स्विट्जरलैंड में बेफिक्री से अपनी लाइफ बिता रही है। कमाल की बात ये है कि उसके पास कोई फिक्स्ड सैलरी वाली नौकरी नहीं है। तो आखिर ये सब कैसे हुआ? क्या है उसकी सक्सेस का सीक्रेट? चलिए, आपको बताते हैं पूरी कहानी.
हम बात कर रहे हैं कंटेंट क्रिएटर स्नेह गौर की। उनकी जिंदगी की शुरुआत हम-आप जैसे ही आम लोगों की तरह हुई थी।
उन्होंने भी डिग्री ली, नौकरी पाई और करियर में आगे बढ़ने के सपने देखे। एक वक्त था जब वह एक बड़ी कंपनी में काम करती थीं और हर महीने 45,000 रुपये सैलरी घर लाती थीं।
उन्हें लगता था कि यही सफलता है— अच्छी पढ़ाई, बढ़िया नौकरी और फिर प्रमोशन की सीढ़ी चढ़ते जाना। जैसा कि अक्सर हमारे समाज में सिखाया जाता है।
स्नेह ने खुद बताया, "मुझे लगता था कि सफलता का मतलब यही है - डिग्री लेना, सैलरी पाना, नौकरी करना और अगला प्रमोशन पाना।" लेकिन समय के साथ उन्हें यह एहसास होने लगा कि उनकी जिंदगी सिर्फ इतनी ही नहीं है।
उन्हें कुछ और चाहिए था। कुछ ऐसा, जिसमें वे अपनी मर्जी से कहीं भी रह सकें, घूम सकें और उन चीजों पर काम कर सकें जो उनके दिल के करीब थीं।
एक बंधे-बंधाए रास्ते पर चलने के बजाय, उन्होंने कुछ हटकर करने का सोचा।
एक भाषा सीखने के फैसले ने कैसे बदली जिंदगी?
यहीं से उनकी कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट आया। स्नेह ने कोई नई डिग्री लेने या कोई और नौकरी ढूंढने के बजाय स्पैनिश भाषा सीखने का फैसला किया।
शायद उस वक्त उन्हें भी नहीं पता होगा कि यह एक छोटा सा फैसला उनकी पूरी जिंदगी बदल देगा। उन्होंने पूरी लगन से स्पैनिश सीखी और देखते ही देखते यह एक स्किल उनके लिए नए दरवाज़े खोलती चली गई।
स्नेह के मुताबिक, यह स्पैनिश स्किल सिर्फ एक भाषा नहीं थी, बल्कि एक चाबी थी जिससे उन्हें कई नए मौके मिले। इसी की बदौलत वह स्पेन जा पाईं, जहां उन्हें अलग-अलग देशों के लोगों से मिलने और इंटरनेशनल अनुभव हासिल करने का मौका मिला।
सोचिए, एक नई भाषा सीखने भर से किसी की जिंदगी कितनी रंगीन हो सकती है!
जो ज्ञान उन्होंने स्पेन में रहते हुए हासिल किया, उसे उन्होंने सिर्फ अपने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे एक बिजनेस मॉडल में बदल दिया। उन्होंने सबसे पहले स्पैनिश सिखाना शुरू किया।
ऑनलाइन क्लासिस, ट्यूटोरियल और क्या-क्या! देखते ही देखते उनका यह काम चल निकला। लेकिन वह यहीं नहीं रुकीं।
सिर्फ स्पेनिश ही नहीं, कमाई के और भी रास्ते खोले
स्नेह ने स्पैनिश सिखाने के अलावा और भी कई रास्ते खोले। उन्होंने स्पेन ट्रैवल गाइड बनाना शुरू किया।
इसमें उन्होंने अपने अनुभव और टिप्स शेयर किए ताकि दूसरे लोग भी स्पेन को अच्छे से एक्सप्लोर कर सकें। इसके अलावा, उन्होंने डिजिटल प्रोडक्ट्स बनाए, ऑनलाइन एंटरप्रेन्योर और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए मेंटरशिप प्रोग्राम शुरू किए।
और तो और, अब वे बड़े-बड़े ब्रांड्स के साथ कोलैबोरेशन भी करती हैं।
आज स्नेह गौर के पास कमाई के कई जरिया हैं। अब उन्हें किसी एक कंपनी की सैलरी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
यही उनकी असली ताकत है। उन्होंने बताया, "जब मैं स्विट्ज़रलैंड गई, तो मैं कंपनी की सैलरी पर निर्भर नहीं थी क्योंकि मेरा लैपटॉप और मेरी रिमोट टीम ही काफी थी।
" यह दिखाता है कि अगर आप में हुनर है और आप उसे सही तरीके से इस्तेमाल करना जानते हैं, तो पूरी दुनिया आपकी ऑफिस बन सकती है।
स्नेह ने अपनी पोस्ट में एक बहुत ही गहरी बात कही, "कभी-कभी आपकी जिंदगी बदलने वाली चीज सिर्फ प्रमोशन नहीं, बल्कि कोई स्किल होती है।" उनकी इस बात में बहुत दम है।
अक्सर हम सिर्फ प्रमोशन और सैलरी इंक्रीमेंट के पीछे भागते रहते हैं, लेकिन ये भूल जाते हैं कि कोई नया हुनर सीखना हमें उससे कहीं ज्यादा आजादी और मौके दे सकता है।
अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में स्नेह ने खुलकर अपनी फीलिंग्स शेयर कीं। उन्होंने लिखा, "कोई नौकरी नहीं।
कंपनी से कोई सैलरी नहीं। फिर भी हर सुबह स्विट्जरलैंड में आंख खुली।
सच तो यह है कि स्पेन में रहते हुए ही मैंने कुछ ऐसा बनाया जिससे मुझे जहां चाहूं वहां रहने की आजादी मिली। न कोई ऑफिस, न कोई बॉस, न किसी की इजाजत की जरूरत।
आजादी का यही वो रूप है जिसे पाने की कोशिश करना सही है।"
स्नेह गौर की कहानी हमें सिखाती है कि जिंदगी में अगर कुछ बड़ा करना है, तो लीक से हटकर सोचना पड़ता है। सिर्फ एक सैलरी वाली नौकरी ही सिक्योरिटी नहीं होती, बल्कि आपके अंदर का हुनर और उसे इस्तेमाल करने की हिम्मत ही आपको सच्ची आजादी दिलाती है।
आज वो स्विट्जरलैंड में बैठकर रिमोटली काम कर रही हैं और अपनी शर्तों पर जिंदगी जी रही हैं। उनकी कहानी उन सभी लोगों के लिए एक मिसाल है जो अपने सपनों को पूरा करने की हिम्मत रखते हैं और नए स्किल्स सीखने से पीछे नहीं हटते।






































